छठ पूजा में शामिल होने ननिहाल आए 13साल के बच्चे की सरोवर में डूबने से मौत

छठ पूजा में शामिल होने ननिहाल आए 13साल के बच्चे की सरोवर में डूबने से मौत

सादात। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दलीपराय पट्टी स्थित एक घर में लोक आस्था के महापर्व डाला छठ की खुशियां उस समय मातम में बदल गई, जब अपनी भाभी द्वारा किए जाने वाले छठ व्रत में शामिल होने के लिए अपने मायके आई विवाहिता के 13 साल के बेटे की सेमरौल स्थित अमृत सरोवर में डूबने से मौत हो गई। घटना से जहां घर में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई। संयोग अच्छा रहा कि मृतक के साथ नहा रहे उसके ममेरे भाई की लोगों ने जान बचा लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को परिजनों को सौंप दिया। 
जानकारी के अनुसार वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के धौरहरा निवासिनी रीता देवी के मायके दलीपराय पट्टी में उनकी भाभी इंदू देवी पत्नी भोला छठ का व्रत रखकर पूजा अर्चन करती हैं। इस दौरान महापर्व में रिश्तेदारियों से रिश्तेदार आकर पूजा में शामिल होते हैं। ऐसे में रीता देवी अपने मायके में अपने 13 साल के पुत्र अक्षत यादव चीकू पुत्र हरिशंकर सहित अपने दूसरे बेटे व चार बेटियों के साथ पूजा में शामिल होने के लिए रविवार को ही पहुंची थी। गांव के लोगों द्वारा सेमरौल स्थित अमृत सरोवर पर पूजा अर्चना की जाती है। इस बीच अक्षत अपने ममेरे भाई 11 साल के राज के यादव के साथ रविवार को सरोवर पर जाकर बेदी की सफाई आदि कर रहा था। इसी दरम्यान दोनों सरोवर में चले गए और पैर फिसलने की वजह से दोनों गहरे पानी में जाकर डूबने लगे। यह देख वहां मौजूद लोगों ने राज को पकड़ लिया और उसे डूबने से बचा लिया। लेकिन महज कुछ सेकेंड के अंतर में चीकू पानी में डूब गया, जिससे हड़कंप मच गया। करीब आधे घंटे की तलाश के बाद बालक मिला तो उसे लेकर सभी मखदुमपुर स्थित निजी चिकित्सक के यहां गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इधर सूचना मिलते ही रोते बिलखते हुए परिजन वहां पहुंचे और अब तक भक्तिमय वातावरण मातम में बदल गया। बेटे की लंबी आयु के लिए रखे जाने वाले महापर्व पर ही बेटे की जान चले जाने पर वहां मौजूद मां की चीत्कार सुनकर हर कोई मर्माहत दिखा। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल पसर गया है। मृतक 4 बहनों व 2 भाईयों में दूसरे नंबर पर था। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।