एथलेक्टिस में जलवा दिखाएंगी बेटियां, जिले में पहली बार आयोजित होगी महिला एथलेक्टिस

एथलेक्टिस में जलवा दिखाएंगी बेटियां, जिले में पहली बार आयोजित होगी महिला एथलेक्टिस

गाजीपुर। जिले में पहली बार महिला एथलेटिक्स लीग का आयोजन आगामी 17 नवंबर से किया जाएगा। जानकारी देते हुए गाजीपुर एथलेटिक्स संघ के सचिव डॉ. रुद्रपाल यादव व दक्षिण एशियाई एथलेटिक्स फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. ललित भनोट ने बताया कि एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया व मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स के संयुक्त तत्वावधान में पूरे देश में खेलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए महिला एथलेटिक्स का आयोजन किया जा रहा है। डॉ. भनोट ने बताया कि महिला एथलेटिक्स लीग के माध्यम से एथलेटिक्स में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने एवं कम उम्र में उनकी प्रतिभा को पहचानने के लिए महिला एथलेटिक्स लीग का आयोजन किया जा रहा है। गाजीपुर एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि गाजीपुर में पहली बार महिला लीग का आयोजन किया जाएगा। टेक्निकल चेयरमैन मनोज ने बताया कि भारत सरकार के युवा एवं खेल मामलों के मंत्रालय द्वारा खेलो इंडिया की तर्ज पर अस्मिता खेलो इंडिया महिला एथलेटिक्स लीग का आयोजन कराया जा रहा है। बताया कि महिला लीग में अंदर 14 वर्ष और 16 वर्ष आयु की खिलाड़ी भाग लेंगी। 14 वर्ष आयु वर्ग के ट्रायथलॉन ए में 60 मीटर दौड़, लंबी कूद एवं ऊंची कूद, ट्रायथलॉन बी में 60 मीटर दौड़, लंबी कूद और बैक थ्रो, 1 किलो भार का गोला अपने दोनों हाथ से अपने सिर के ऊपर से पीछे की ओर फेंका जाएगा। वहीं ट्रायथलॉन सी में 60 मीटर दौड़, लंबी कूद, 600 मीटर दौड़ अंडर 16 उम्र वर्ग में 60 मीटर दौड़, लांग जंप, 600 मीटर दौड़, जंप, डिसकस थ्रो, शॉट पुट, जेवलिन थ्रो का आयोजन किया जाएगा। बताया कि किड्स भाला फेंक की प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। उपाध्यक्ष आनंद यादव ने बताया कि 14 वर्ष आयुवर्ग के खिलाड़ियों की जन्मतिथि 21 दिसंबर 2011 से 20 दिसंबर 2013 के बीच व अंडर 16 में 21 दिसंबर 2009 से 20 दिसंबर 2011 के बीच होनी चाहिए। बताया कि केवल गाजीपुर की ही महिला खिलाड़ी इसमें भाग ले सकती हैं।