चोरों के घर में घुसने से मचा हड़कंप मुहल्ले वालों की घेराबंदी से एक धराया चार भागे
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गडही चक जहरुल्लाह स्थित बिन्द मोहल्ला में सोमवार की देर रात करीब 12 बजे पांच चोरों के घुसने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने एक अभियुक्त को पकड कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार, चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले घर के आस-पास के दरवाजों को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद वे एक मकान में चोरी करने का कोशिश करने लगे। इस दौरान दरवाजा खड़कने की आवाज सुनकर घर के लोग चौकन्ने हो गए और शोर मचाने लगे जिससे मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकल आए और चोरों को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख चोरों ने अपने पास मौजूद तमंचे से दो राउंड फायरिंग की और अंधेरे का फायदा उठाकर दरौली गांव की ओर भाग गए। भागदौड़ के बीच चार चोर अंधेरे में भागने में सफल रहे, जबकि ग्रामीणों ने एक चोर को दबोच लिया। पकड़े गए चोर के पास से एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से एक चोर को पकड़ा गया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।




