सिधौना रेल अंडरपास में लटकी झाड़ियां से परेशानी
रानू पाण्डेय
खानपुर। सिधौना बाजार स्थित रेलवे अंडरपास में लटकी झाड़ियां राहगीरों के लिए गंभीर समस्या बन चुकी हैं। अंडरपास की दीवारों के बगल में उगी ये झाड़ियां लगातार फैलती जा रही हैं, जिससे मार्ग संकरा होने के साथ-साथ वाहन चालकों के लिए दृश्यता भी कम हो रही है। खासकर सुबह-शाम के समय झाड़ियों की वजह से सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। अंडरपास के घुमाव पर लटकी झाड़ियों के कारण वाहन की आवाजाही में समस्या होती है। लोगों का कहना है कि अंडरपास से रोजाना सैकड़ों की संख्या में वाहन गुजरते हैं, लेकिन लटकी झाड़ियों की कटाई न होने के कारण सभी को जोखिम झेलना पड़ रहा है। राहगीरों ने संबंधित विभाग से जल्द सफाई अभियान चलाकर झाड़ियां हटाने और अंडरपास को स्वच्छ व सुरक्षित बनाने की मांग की है।




