विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
बहरियाबाद/सादात। बहरियाबाद थानाक्षेत्र के बेलवरिया वृंदावन में सोमवार को विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिसके बाद पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या की घटना बताई, वहीं मायके पक्ष ने मौत के कारणों पर संदेह जताया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मऊ के बस्तियारचक निवासी रामसमुझ यादव की 28 वर्षीय बेटी सरिता यादव की शादी 12 मई 2021 को बेलवरिया वृंदावन निवासी तेज प्रताप यादव तेजू से धूमधाम से हुई थी। जिसके बाद वर्तमान में दोनों को एक साढ़े चार साल का बेटा किट्टू भी है। इस बीच सोमवार को पुलिस को फोन पर सूचना मिली कि सरिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जिसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तो देखा कि ग्रामीणों ने पहले ही कमरे का दरवाजा तोड़कर पंखे की कुंडी से साड़ी के फंदे से लटके शव को नीचे उतारकर बिस्तर पर लिटा दिया था। जिसके बाद पुलिस के साथ ही पहुंची फील्ड यूनिट टीम ने सुराग जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं मौके पर नायब तहसीलदार भी पहुंच गए। इस बाबत मृतका के भाई राहुल और चाचा घुरभारी यादव ने मौत के कारणों पर संदेह जताते हुए कहा कि सरिता रविवार को ही अपने पति के साथ मायके से ससुराल आई थी। ऐसे में कुछ ही घंटों में ऐसा क्या हो गया कि उसने फांसी लगा ली। इस बाबत उप निरीक्षक रविंद्र कुमार गोंड ने बताया कि फिलहाल शव को पीएम को भेज दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।




