परसनी में 12 से 18 अक्टूबर तक सत्संग करेंगे देश के प्रख्यात संत विजयानंद गिरी महाराज, कार्यक्रम की तैयारियां तेज
सैदपुर। क्षेत्र के परसनी गांव में समाजसेवी मनोज सिंह के तत्वावधान में ग्रामीणों व क्षेत्रवासियों द्वारा वृहद सत्संग का आयोजन किया गया है। जानकारी देते हुए आयोजक मंडल के मनोज सिंह ने बताया कि आगामी 12 से 18 अक्टूबर तक गांव में वृहद सत्संग का आयोजन किया जाएगा। बताया कि सत्संग में कथा वाचन करने के लिए भारत के प्रख्यात संत रामसुख दास महाराज के शिष्य विजयानंद गिरी महाराज ऋषिकेश से आएंगे और कथा वाचन करेंगे। बताया कि विजयानंद गिरी महाराज का सत्संग पूरे देश में होता है और उनके सत्संग सुनने के लिए जुटते हैं। मनोज सिंह ने बताया कि विजयानंद गिरी महाराज के हर सत्संग मंच पर एक बोर्ड लगा होता है, जिस पर लिखा होता है कि दान या दक्षिणा देना मना है। कहा कि वो न तो किसी से माला पहनते और न ही किसी के साथ फोटो आदि खिंचवाते हैं। कहा कि 12 अक्टूबर से होने वाले सत्संग के लिए गांव का हर व्यक्ति कार्यक्रम की तैयारियों में जुट चुका है और हम सभी गांव-गांव जाकर लोगों को निमंत्रण दे रहे हैं। सभी से अपील किया कि वो सत्संग में आकर पुण्य के भागी बनें।



