दिल्ली के कपिल धामा ने गाजीपुर के रितेश को हराकर ढाई लाख का जीता ईनाम 

दिल्ली के कपिल धामा ने गाजीपुर के रितेश को हराकर ढाई लाख का जीता ईनाम 

रानू पाण्डेय
करमपुर के अमित ने दिल्ली के मोनू को दिखाया आसमान
--------------------------------------------------------
खानपुर। बसंत पंचमी के अवसर पर शुक्रवार को करमपुर स्थित अखाड़े में ठाकुर मेघबरन सिंह स्व. तेजबहादुर सिंह स्मृति इनामी कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में पूर्वांचल के पहलवानों का प्रदर्शन सराहनीय रहा, जबकि कई मुकाबले कांटे की टक्कर के बाद बराबरी पर समाप्त हुए। ढाई लाख रुपये की इनामी कुश्ती में दिल्ली के पहलवान कपिल धामा ने गाजीपुर के रितेश को पराजित कर अपनी ताकत और तकनीक का परिचय दिया। अखाड़े के स्थानीय पहलवान अमित राजभर ने दिल्ली के मोनू को मात्र दो मिनट में शिकस्त देकर नगद इनाम अपने नाम किया। वहीं भुजाड़ी के विशाल ने वाराणसी के विपिन को मात दी। विजेता पहलवानों में दिल्ली के लाला, चंदौली के राहुल तथा मुगलसराय के मृत्युंजय प्रमुख रहे। प्रतियोगिता में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा सहित आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर और जौनपुर जनपदों से आए पहलवानों ने अखाड़े पर दमखम दिखाया। आयोजकों द्वारा पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से आए पहलवानों को सम्मानित भी किया गया। निर्णायक मंडल में सिकंदर सोनकर, महेंद्र सिंह और अदालत यादव ने रेफरी की जिम्मेदारी निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी ने स्व. ठाकुर तेजबहादुर सिंह की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन कर तथा पहलवानों से परिचय प्राप्त कर किया। आयोजक पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह, रमाशंकर सिंह, आलोक सिंह, अनिकेत सिंह, गंगासागर सिंह, आशुतोष सिंह, गुलाम गौस और विपुल चौबे ने पहलवानों का माल्यार्पण कर एवं साफा बांधकर स्वागत किया। प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों ने लगातार तालियां बजाकर और जयकारों के साथ पहलवानों का उत्साहवर्धन किया, वहीं सभी पहलवानों ने एक स्वर में तालियों की गूंज के बीच आयोजक पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह का अभिवादन कर अखाड़े का माहौल जोश और उत्साह से भर दिया।