27 जनवरी को जिला स्तरीय कुश्ती चैंपियनशिप सिधौना में
खानपुर। सब-जूनियर बालक एवं बालिका कुश्ती चैंपियनशिप उत्तर प्रदेश का आयोजन आगामी 7 से 9 फरवरी तक बनियापुर, वाराणसी में किया जाएगा, जिसमें गाजीपुर जनपद की टीम प्रतिभाग करेगी। इसके लिए गाजीपुर कुश्ती संघ द्वारा स्वर्गीय रामकरन दादा स्मृति जिला स्तरीय सब-जूनियर कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन 27 जनवरी को रामकरन इंटर कॉलेज, ईशोपुर (सिधौना) में किया जाएगा। प्रतियोगिता के तहत सुबह 9 बजे खिलाड़ियों का सत्यापन, 10 से 11 बजे तक वजन तथा इसके बाद मुकाबले शुरू होंगे। इसमें 2009 व 2010 में जन्मे खिलाड़ी भाग ले सकेंगे, जबकि 2011 में जन्मे खिलाड़ी मेडिकल प्रमाण के आधार पर पात्र होंगे। फ्रीस्टाइल व ग्रीको रोमन में बालक वर्ग में 45 से 110 किग्रा तथा बालिका वर्ग में 40 से 73 किग्रा भार वर्ग निर्धारित हैं। खिलाड़ियों को आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र व फोटो सहित फॉर्म लाना अनिवार्य होगा। अन्य जनपद से खेलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह जानकारी कुश्ती कोच राम आशीष यादव ने दी।




