नाबालिगों को बहला-फुसलाकर भगाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
कठवामोड़। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत नोनहरा पुलिस को बुधवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं में वांछित दो शातिर अभियुक्तों को नोनहरा पारा गेट के पास से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों अभियुक्तों ने नाबालिगों को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। बुधवार को उपनिरीक्षक अटल बिहारी मिश्र अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने नोनहरा पारा गेट के पास घेराबंदी कर दो युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान नितीश सिंह उर्फ प्रेम सिंह उर्फ मोगली (18), पुत्र कृष्णा सिंह उर्फ नागा सिंह, निवासी ग्राम बौरी, थाना नोनहरा, तुषार कुशवाहा (18), पुत्र रामसुख कुशवाहा, निवासी ग्राम बौरी, थाना नोनहरा बताया। सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम में मुख्य रूप से उपनिरीक्षक अटल बिहारी मिश्र और उनके साथ मौजूद हमराह बल शामिल रहे। पुलिस अब गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजने की तैयारी कर रही है।




