आवारा सांडों की भीषण लड़ाई में मिठाई की दुकान का हजारों का नुकसान

 आवारा सांडों की  भीषण लड़ाई में मिठाई की दुकान का हजारों का नुकसान

सैदपुर : नगर पंचायत व जिम्मेदार अधिकारीयों की घोर लापरवाही के चलते नगर की सड़कों पर आवारा सांडों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। जिसके चलते आवारा सांडों की आए दिन मुख्य सड़कों पर होने वाली भीषण लड़ाई का शिकार नगर की आम जनता व व्यापारी हो रहे हैं। नगर स्थित जायसवाल फिलिंग स्टेशन के सामने शुक्रवार की सुबह 6 बजे दो आवारा सांड मुख्य सड़क पर ही आपस में लड़ने लगे। लड़ते-लड़ते दोनों बेहद आक्रामक हो गए और वहां मौजूद शिवशंकर मोदनवाल की मिठाई की दुकान में घुस गए। जिससे उनकी दुकान की मजबूत दीवार सहित अंदर रखे शीशे के काउंटर, आलमारी, टेबल, कुर्सियां व भारी मात्रा में मिठाई सहित करीब 50 हजार रूपए के सामानों को तोड़फोड़ दिया। संयोग अच्छा था कि घटना के समय दुकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। दुकान को शिवशंकर के पुत्र रंजीत मोदनवाल चलाते हैं। उनके चचेरे भाई व पत्रकार शुभम मोदनवाल ने जिम्मेदारों से मांग किया है कि आवारा सांडों के आतंक पर नगर पंचायत लगाम लगाए। गोरक्षक रमेश यादव डबलू ने बताया कि नगर की सब्जी मंडी में आए दिन आवारा सांड बीच सड़क पर आपस में लड़ते हैं। बताया कि सब्जी मंडी में हमेशा भीड़ की स्थिति रहती है, ऐसे में कई बार सब्जी विक्रेता तो कई बार ग्राहक उनका शिकार बन जाते हैं। इसके अलावा नगर के पुराने बस स्टैंड के पास भी आए दिन ये सांड लड़ते रहते हैं। बीते कुछ माह पूर्व मुंसफी के सामने दो सांड आपस में लड़ते हुए मिठाई की दुकान को तोड़ दिया था, जिसमें हजारों का नुकसान हुआ था। लेकिन इन मामलों में इन्हें पकड़ने के लिए जिम्मेदार नगर पंचायत पूरी तरह से मौन है।