छह दिनों से फरार चल रहे आरोपी बाइक चालक को घेराबंदी कर दबोचा

छह दिनों से फरार चल रहे आरोपी बाइक चालक को घेराबंदी कर दबोचा

रेवतीपुर। सुहवल थाना पुलिस को शनिवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मामले में पिछले छह दिनों से फरार चल रहे आरोपी बाइक चालक को घेराबंदी कर धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मेन्द्र कुमार राम (उम्र लगभग 34 वर्ष), निवासी बेमुआ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे ढढनी तिराहे के समीप उस वक्त पकड़ा, जब वह भागने की फिराक में सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहा था।पुलिस के अनुसार, आरोपी को थाना लाकर पूछताछ की गई। इसके बाद मेडिकल परीक्षण कराते हुए उसका चालान न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीते रविवार की शाम बेमुआ गांव निवासी एवं चीनी मिल से सेवानिवृत्त कर्मचारी 65 वर्षीय राधेश्याम साह शौच के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुहवल की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में राधेश्याम साह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसी रात इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। वहीं, हादसे में शामिल बाइक को उसी समय जब्त कर सीज कर दिया गया था।मृतक के छोटे पुत्र गनेश गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी धर्मेन्द्र कुमार राम के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।मृतक राधेश्याम साह दो भाइयों में सबसे बड़े थे। सेवानिवृत्ति के बाद वे गांव की चट्टी पर छोटी सी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनकी अचानक मौत से गांव में शोक की लहर है।प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र पांडेय ने बताया कि उपनिरीक्षक भोला नाथ सरोज एवं जितेन्द्र कुमार की टीम ने चेकिंग के दौरान सतर्कता दिखाते हुए आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
उन्होंने कहा कि आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। सुहवल पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि कानून से भागना आसान नहीं, अपराधी कितनी भी चालाकी दिखा ले—आखिरकार गिरफ्त में आता ही है।