खाई में पलटने से स्कॉर्पियो सवार एक की मौत,9 घायल
रानू पाण्डेय
खानपुर।आजमगढ़ जनपद के भगवानपुर गांव में भांजे का जन्मदिन मनाने जा रहे खानपुर थाना क्षेत्र के तुलसीपुर और बभन चकिया गांव से जुड़े दो परिवारो का खुशियों भरा सफर रविवार को दर्दनाक हादसे में बदल गया तथा स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार 10 लोग सफर के दौरान हादसे का शिकार हो गए। तेज रफ्तार वाहन पर चालक ने नियंत्रण खो दिया जिससे असंतुलित होकर गाड़ी करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत-बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार कराकर उन्हें घर पहुंचाया गया।दुर्घटना में प्रमोद कुमार पुत्र जगदीश राम की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में छोटू कुमार (20) पुत्र हरिश्चंद्र राम, सुनील कुमार (25) पुत्र रमेश राम, चंद्रकला (45) पत्नी राजेश राम, विजय कुमार (23) पुत्र रमेश राम, अभिषेक कुमार (20) पुत्र हरिनाथ व दो मासूम सभी निवासी बभन चकिया तथा गुंजन कुमारी (22) पुत्री नंदा तथा निक्कू कुमार (25) पुत्र नंदा, निवासी तुलसीपुर शामिल हैं। घायलों का इलाज जारी है। मृतक प्रमोद कुमार के निधन से परिवार में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी पूजा देवी, पुत्र सिवान और माता रुक्मिणी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की खबर मिलते ही तुलसीपुर और बभन चकिया गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।




