बकरी चोरी के एक शातिर आरोपी को नाटकीय अंदाज में गिरफ्तार
रेवतीपुर। सुहवल थाना पुलिस को बुधवार को बड़ी सफलता हाथ लगी, जब बकरी चोरी के एक शातिर आरोपी को नाटकीय अंदाज में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी गुड्डू राम उर्फ संजय राम (50 वर्ष), निवासी ग्राम ढढनी रणवीर राय, को मेदनीपुर स्थित एक निजी स्कूल के समीप हाईवे किनारे से उस समय दबोच लिया, जब वह फरार होने की फिराक में था।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस की सतर्कता के आगे उसकी एक न चली और मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से पांच हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कुछ महीने पहले आरोपी ने गांव में बगल में बंधी एक बकरी चोरी कर उसे बेच दिया था। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
उपनिरीक्षक भोलानाथ सरोज ने बताया कि आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था। बुधवार को उसके क्षेत्र छोड़कर भागने की सूचना मिली, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी का चालान कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर राहत की सांस ली है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




