औंड़िहार-वाराणसी रेलखंड में तीसरी लाइन निर्माण को मिली मंजूरी  

औंड़िहार-वाराणसी रेलखंड में तीसरी लाइन निर्माण को मिली मंजूरी  

रानू पाण्डेय

497.07 करोड़ की परियोजना से रोजगार और विकास में वृद्धि

- तीासरी लाइन निर्माण से होगा, माल गाड़ियों आवागमन सुलभ

खानपुर।क्षेत्र के औंड़िहार-वाराणसी सिटी (31.36 किमी) रेलखंड पर तीसरी लाइन निर्माण के लिए 497.07 करोड़ रुपये की परियोजना को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंजूरी दे दी है। यह परियोजना पूर्वोत्तर रेलवे के तहत वाराणसी और गाजीपुर में रोजगार और विकास के लिए लाभकारी साबित होगी।
औंड़िहार-वाराणसी खण्ड पर पहले से ही दोहरी लाइन है, लेकिन यात्री और माल गाड़ियों की संख्या अधिक होने के कारण तीसरी लाइन की मांग बनी हुई थी। औंड़िहार स्टेशन प्रमुख जंक्शन है, जहां से दरभंगा, रक्सौल, जयनगर, छपरा, गया, टाटानगर, कोलकाता, मऊ, गोरखपुर, बलिया, आजमगढ़, गाजीपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, दुर्ग, पुणे, मुंबई, गोंदिया, गुवाहाटी और नई दिल्ली सहित कई शहरों के लिए ट्रेनें चलती हैं। तीसरी लाइन निर्माण के बाद इस खंड की लाइन क्षमता में वृद्धि होगी, जिससे दोनों तरफ से अतिरिक्त यात्री गाड़ियों का संचालन संभव होगा। प्रति वर्ष 1.99 मिलियन टन अतिरिक्त माल परिवहन की संभावना से रेल राजस्व में भी वृद्धि होगी। गाड़ियों का डिटेन्सन कम होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। इस परियोजना से पूर्वी उत्तर प्रदेश में अतिरिक्त गाड़ियों का संचालन सुनिश्चित होगा और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी। इसके अलावा, औंड़िहार में स्थित मेमू शेड का उपयोग भी बेहतर तरीके से किया जा सकेगा। रेल मंत्रालय का यह निर्णय स्थानीय अर्थव्यवस्था और यातायात प्रणाली के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है।