गंगा पुल पर रोते हुए दौड़ती आई किशोरी ने लोगों के सामने ही गंगा में लगाई छलांग, नहीं हो सकी शिनाख्त
By Admin
2025-09-29 23:28:05
सुसाइड प्वाइंट के नाम से कुख्यात हो चुके सैदपुर के गंगा सेतु से सोमवार की सुबह करीब 11 बजे रोते हुए दौड़ती आई एक अज्ञात किशोरी ने गंगा में छलांग लगा दी और लोगों के सामने ही अथाह पानी में गुम हो गई। जिसके बाद हड़कंप मच गया। मौके पर भीड़ जुट गई और लोगों ने पुलिस को सूचित किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सोमवार को करीब 16 साल की एक किशोरी पुल पर रोती हुई दौड़ती जा रही थी। इस बीच पुल से गुजर रहे कुछ लोगों ने उससे पूछने की कोशिश की लेकिन महिला होने के नाते इस तरह से कुछ पूछने से संकोच किया लेकिन रोने व दौड़ने के चलते हर कोई उसे ही देख रहा था। इस बीच जैसे ही वो लोगों की पहुंच से कुछ दूर पहुंची, वो रूकी और अपना हवाई चप्पल व स्टॉल पुल पर रखकर लोगों के सामने ही गंगा में कूद गई। ये देख उसे दौड़ते हुए देख रहे लोगों में हड़कंप मच गया। फौरन सभी पुल की रेलिंग की तरफ दौड़े और पानी में देखा कि किशोरी डूबती-उतरा रही है और आखिरकार पानी में डूब गई। जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचित किया गया। इस बाबत कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि मामला दूसरे थानाक्षेत्र का है। वहीं घटना के बाद स्थानीय मछुआरे उसकी तलाश कर रहे हैं। किशोरी द्वारा पुल पर छोड़े गए चप्पल व स्टॉल को देखकर लग रहा है कि वो आर्थिक रूप से कमजोर रही होगी। वहीं रोते हुए दौड़ने के चलते लोगों में चर्चा है कि संभवतः किसी से झगड़ा या बहस करके वो दौड़ते हुए आ रही थी। बहरहाल, आत्महत्या के लिए कूदने वाली किशोरी कौन और कहां की थी, इसका पता नहीं चल सका है।