युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

 युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

 सिधागरघाट। कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के शिऊरा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बहादुरगंज के ग्राम सभा सिउरा के दलित बस्ती निवासी 21 वर्षीय बृजेश कुमार पुत्र रामकरन राम ने दो वर्ष पूर्व बगल के गांव बांका में ही अंतरजातीय विवाह किया था। सोमवार की रात भोजन करने के बाद पत्नी के साथ बृजेश अपने कमरे में सोने चला गया। किसी बात को लेकर रात 10 बजे पति पत्नी विवाद होने लगा, जिससे नाराज होकर पत्नी चंद्रकला कमरे से बाहर चली गई। कुछ समय बाद कमरे में गई तो देखा कमरा अंदर से बंद है।खिड़की से अंदर देखा कि पति बृजेश गले में दुपट्टा बांध कर पंखे से लटका पड़ा है। चीखने चिल्लाने पर बाहर के कमरे में सो रहे परिजन पहुंचे और कमरे के अंदर देखकर अवाक रह गए।पत्नी ने कुदाल से किसी तरह दरवाजे की कुंडी को तोड़कर अंदर गए।परिजनों ने दुपट्टा काट कर शव को नीचे उतारा और पुलिस को घटना की सूचना दिया। 
उसके बाद कासिमाबाद हॉस्पिटल ले गये जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।बृजेश की मां रीना देवी ने आरोप लगाया कि बहु चंद्रकला अपनी मां और कुछ अज्ञात लोगों के साथ मिलकर बृजेश की हत्या कर शव को पंखे से लटका दिया।
 दोनों परिवारों में कई बार मारपीट की घटनाएं घट चुकी है। जिसके कारण पति-पत्नी में भी दूरियां बढ़ गई थी।
प्रभारी निरीक्षक कासिमाबाद राज नारायन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। 
फोटो। बृजेश की मौत के बाद दरवाजे पर रोते बिलखते परिजन