संपत्ति के लिए भाई की ससुराल में आकर ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले 25 हजार के ईनामियां को सेहमलपुर में पुलिस ने मारी गोली
बीते जून माह में संपत्ति के विवाद में थानाक्षेत्र के टोडरपुर गांव में मनबढ़ द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग कर 2 लोगों को गोली का निशाना बनाने के मामले में फरार चल रहे 25 हजार के ईनामियां बदमाश का पुलिस ने हाफ एनकाउंटर करते हुए सोमवार की शाम 5 बजे उसके पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया, वहीं दूसरे को मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से पिस्टल व कट्टा बरामद हुआ है। ये हॉफ एनकाउंटर महिला एसआई श्वेता कुमारी ने किया। पुलिस को सूचना मिली कि सेहमलपुर स्थित सुनसान स्थान पर संदिग्ध बदमाश मौजूद हैं। जिसके बाद महिला एसआई व कोतवाल योगेंद्र सिंह फोर्स के साथ फौरन मौके पर पहुंचे और बदमाशों को घेर लिया। पुलिस से खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग झोंक दिया। जिसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वो गिर गया। ये देख दूसरा बदमाश दहल गया। इसके बाद मौका देख पुलिस ने दूसरे बदमाश को भी दबोच लिया और घायल बदमाश को सैदपुर सीएचसी में भर्ती कराया। पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम चंद्रभान उर्फ भुटकुन पुत्र पारसनाथ निवासी बरिया, करंडा व दूसरे बदमाश ने अपना नाम पवन कुमार पुत्र जमुना निवासी बरिया, करंडा बताया। सीओ रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि घायल बदमाश काफी शातिर किस्म का है और उसके खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट व धोखाधड़ी सहित कुल 4 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के पास से एक पिस्टल व कट्टा सहित जिंदा कारतूस बरामद हुए। तफ्तीश में पता चला कि बीते 16 जून को टोडरपुर गांव स्थित एक मकान में ताबड़तोड़ फायरिंग की जो घटना हुई थी, उस घटना में चंद्रभान के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। पीड़िता सोनम यादव ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी ननद अंबालिका देवी मायके में ही रहती थीं। ऐसे में एक माह से अंबालिका का पति दिनेश यादव बबलू भी यहीं आकर रहने लगा। लेकिन सोनम के पति रामबाबू यादव ने इसका विरोध किया। इसी बात पर नाराज होकर गाली गलौज किया और जान से मारने की धमकी देते हुए दिनेश ने किसी को फोन किया। इसके बाद मौके पर 2 बाइक से 4 लोग आए और रामबाबू से मारपीट करने लगे। तभी सोनम के ननदोई का भाई चंद्रभान अपने मित्र रोहित व 2 मुंह बांधे लोगों के साथ आया और रामबाबू को मारने पीटने लगे। तहरीर में आरोप लगाया था कि इसके बाद चंद्रभान ने अवैध असलहा निकाला और जान से मारने की नीयत से रामबाबू पर फायर कर दिया। जिसमें गोली लगने से वो घायल हो गया। वहीं उसे बचाने आए प्रिंस यादव के हाथ में गोली लगी थी। घटना के बाद मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्यवाही कर रही थी और आज दोनों बदमाश हत्थे चढ़ गए।




