एक करोड़ 70 लाख की लागत से बनेगा एकौझी नदी का पुल
रानू पाण्डेय
खानपुर। सैदपुर तहसील क्षेत्र के सैदपुर चिरैयाकोट मार्ग के कोटिशा गांव के एकौझी नदी पर एक करोड़ 70 लाख की लागत से पुल का निर्माण किया जाएगा। पुल के निर्माण से करीब आधा दर्जन स्कूल व 35 गांवों के ग्रामीणों को फायदा होगा और दो दशक से चली आ रही मांग भी पूरी हो जाएगी। पुल के निर्माण से जनपद के सैदपुर तहसील से आजमगढ़ के लिए भी वैकल्पिक मार्ग मजबूत हो जाएगा। एकौझी नदी पर पुल बनाने के लिए राज्य सरकार की तरफ से मोहर लगा दी गई है। इस परियोजना के लिए सरकार की तरफ से एक करोड़ 70 लाख रुपये का बजट पारित किया गया है।
इस पुल को अमलीजामा पहनाने की तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली गई है। इस पुल का निर्माण को अगले दो माह में शुरू कर दिया जाएगा। इस योजना पर कार्य शुरू होने के एक साल में निर्माण कार्य को पूरा करने का लक्ष्य भी तय किया गया है। पुल के निर्माण से जहां किसान लाभांवित होंगे वहीं आजमगढ़ जाने के लिए कई किलोमीटर रास्ते और समय की बचत होगी।
पुल निर्माण की खबर से राहगीरों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी हैं विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी जी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के कोने कोने में विकास कार्य करा रही है। इस एकौझी पुल निर्माण की खबर से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। ग्रामीणों ने कहा कि काफी समय से इस पुल निर्माण का इंतजार था।




