सिधौना में सिद्धनाथ महादेव धाम जाने वाली सड़क का होगा चौड़ीकरण

सिधौना में सिद्धनाथ महादेव धाम जाने वाली सड़क का होगा चौड़ीकरण

 

 रानू  पाण्डेय

खानपुर क्षेत्र के सिधौना स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र सिद्धनाथ महादेव धाम तक जाने वाली सड़क का जल्द ही चौड़ीकरण किया जाएगा। बुधवार को राजस्व विभाग की टीम ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड़ के नेतृत्व में सड़क का निरीक्षण कर सीमांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने पैदल चलकर पूरे सड़क की स्थिति का अवलोकन किया। यह सड़क बिहारीगंज गोमती डाइवर्जन मार्ग से शुरू होकर सिद्धनाथ महादेव धाम होते हुए गांव के दक्षिणी छोर से गुजरते हुए सिधौना बाजार में रेलवे अंडरपास में मिलती है। बुधवार को राजस्व टीम में शामिल लेखपाल व राजस्व निरीक्षक ने कुछ स्थानों पर सड़क की चौड़ाई का चिन्हांकन किया। गुरुवार को भी यह कार्य जारी रहा। चौड़ीकरण के दौरान उक्त सड़क के सभी अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा। राजस्व विभाग सड़क की लंबाई और चौड़ाई का चिन्हांकन और नाप लेकर विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजेगा। निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बीडीओ सैदपुर को फोनकर सिद्धनाथ धाम परिसर की नियमित साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया।