अनियंत्रित कार ने दो बाइक को मारी टक्कर बाइक सवार सहित 4घायल

अनियंत्रित कार ने दो बाइक को मारी टक्कर बाइक सवार सहित 4घायल

सैदपुर :  थानाक्षेत्र के बौरवां में तेज रफ्तार कार ने एक-एक कर दो बाइकों को टक्कर मार दी और आगे जाकर रूक गई। घटना में दोनों बाइकों पर सवार दंपति समेत 4 गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर सभी को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
गुरूवार की शाम करीब साढ़े 4 बजे बौरवां में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बीच सड़क लहराने लगा। जिससे सड़क पर अफरा तफरी का माहौल बन गया और हड़कंप मच गया। घटना में अनियंत्रित कार ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी, जिसमें पिपनार निवासी 20 वर्षीय विशाल यादव व पीछे बैठे 20 वर्षीय विनीत यादव पुत्र ओमप्रकाश यादव को रौंद दिया। इसके बाद भागने के चक्कर में आगे जा रहे कोलवर रसूलपुर निवासी 45 वर्षीय रामधर राजभर पुत्र साईनाथ राजभर व उनकी पत्नी 40 वर्षीय प्रभावती देवी को भी टक्कर मार दी। घटना में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं घटना के बाद ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। वहीं घटना के बाद उपचार के लिए सभी को सीएचसी लाया गया, जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। घटना में विनीत की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। इस बाबत कोतवाल वीरेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी चालक को पकड़ लिया गया है।