एकाकी जीवन बिता रहे बुजुर्गों के लिए संस्था बना रही वृद्धाश्रम
रानू पाण्डेय
खानपुर। क्षेत्र के औड़िहार में समाज सेवा की दिशा में एक बड़ी और सराहनीय पहल की शुरुआत होने जा रही है। प्राण मित्र फाउंडेशन की ओर से यहां 100 बेड का आधुनिक वृद्धाश्रम बनाया जा रहा हैं,जिससे क्षेत्र के असहाय, जरूरतमंद और एकाकी जीवन बिता रहे बुजुर्गों को सहारा मिल सकेगा। प्रस्तावित वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के रहने की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ पौष्टिक भोजन, नियमित स्वास्थ्य जांच, दवा, योग-व्यायाम तथा मनोरंजन के साधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। यहां ऐसा वातावरण तैयार किया जाएगा, जिससे बुजुर्गों को परिवार जैसा अपनापन महसूस हो सके और वे अपने जीवन के शेष समय को सम्मानपूर्वक और खुशी के साथ बिता सकें। वृद्धाश्रम की जानकारी देते हुए निर्माणकर्ता डॉ. पी.एन. सिंह ने बताया कि वृद्धाश्रम के निर्माण के लिए औड़िहार निवासी भाजपा नेता ओमप्रकाश सिंह ने उदारतापूर्वक अपनी भूमि दान में दी है, जो अपने आप में एक प्रेरणादायक कदम है। डॉ. पी एन. सिंह ने कहा कि आज के बदलते सामाजिक परिवेश में जहां संयुक्त परिवारों की परंपरा कमजोर हो रही है, वहीं कई बुजुर्ग अकेलेपन और उपेक्षा का सामना कर रहे हैं। ऐसे में इस प्रकार का वृद्धाश्रम उनके लिए एक सुरक्षित और सहायक स्थान सिद्ध होगा। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह कार्य समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करेगा। साथ ही यह अन्य लोगों को भी सामाजिक कार्यों में आगे आने के लिए प्रेरित करेगा।




