करमपुर के लाल चमके: ओलंपियन राजकुमार पाल को मिलेगी डीएसपी पोस्ट, उत्तम सिंह होंगे लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित

करमपुर के लाल चमके: ओलंपियन राजकुमार पाल को मिलेगी डीएसपी पोस्ट, उत्तम सिंह होंगे लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित

 रानू  पाण्डेय

खानपुर। सैदपुर तहसील के करमपुर गांव ने एक बार फिर खेल जगत में अपनी पहचान मजबूत की है। पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाने वाले राजकुमार पाल को उत्तर प्रदेश पुलिस में डीएसपी पद पर नियुक्ति दी जाएगी। इसके साथ उभरते हॉकी खिलाड़ी उत्तम सिंह को प्रदेश के प्रतिष्ठित लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
इस संबंध में गाजीपुर के पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर करमपुर स्टेडियम में सीएम द्वारा पूर्व में की गई घोषणा को लागू करने का आग्रह किया। गौरतलब है कि वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करमपुर स्थित मेघबरन सिंह स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का सम्मान करते हुए ओलंपियन राजकुमार पाल को डीएसपी पद देने की घोषणा की थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। इसी के साथ उत्तम सिंह को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उज्ज्वल भविष्य को देखते हुए लक्ष्मण पुरस्कार दिया जाएगा। खास बात यह है कि दोनों खिलाड़ी एक ही गांव करमपुर के निवासी हैं और दोनों ने मेघबरन सिंह स्टेडियम से ही प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि पहली बार एक ही गांव और एक ही प्रशिक्षण केंद्र से दो हॉकी खिलाड़ियों को लक्ष्मण पुरस्कार मिलेगा। राजकुमार पाल को भी पूर्व में लक्ष्मण पुरस्कार मिल चुका है।
1983 से संचालित मेघबरन सिंह स्टेडियम, करमपुर ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशने का एक प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण और खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। अब तक इस स्टेडियम से ओलंपियन ललित उपाध्याय सहित 17 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकल चुके हैं। पूर्व सांसद राधे मोहन सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है और इससे अन्य खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। वहीं स्टेडियम के संचालक अनिकेत सिंह ने इसे संस्थापक स्व. तेज बहादुर सिंह के सपनों के साकार होने का क्षण बताया।