राजकुमार पाल को डिप्टी एसपी, उत्तम सिंह को मिला लक्ष्मण पुरस्कार 

राजकुमार पाल को डिप्टी एसपी, उत्तम सिंह को मिला लक्ष्मण पुरस्कार 

 रानू  पाण्डेय

खानपुर।  गाजीपुर माटी के लाल भारतीय हॉकी टीम के दो होनहार खिलाड़ी ओलंपियन राजकुमार पाल को डिप्टी एसपी पद का नियुक्ति पत्र तथा उत्तम सिंह को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मंगलवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिष्ठित लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित किया । इस सम्मान से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। राजुकमार पाल ने पेरिस ओलम्पिक 2024 में कांस्य पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर देश का मस्तक गर्व से ऊंचा किया तो वहीं उत्तम सिंह ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर भारतीय हॉकी में विशेष पहचान बनाई है। उत्तम वर्ष 2024 में चीन के हुलुनबुइर शहर में आयोजित पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2024 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के अहम सदस्य रहे। इस प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा, वर्ष 2022 में जकार्ता में आयोजित पुरुष हॉकी एशिया कप 2022 में भी उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए भारतीय टीम को कांस्य पदक दिलाने में योगदान दिया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके लगातार बेहतर प्रदर्शन ने उन्हें टीम का भरोसेमंद खिलाड़ी बना दिया है। उत्तम सिंह ने एफआईएच जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप 2021, एफआईएच हॉकी फाइव्स विश्व कप 2024 और पुरुष एफआईएच हॉकी विश्व कप 2023 जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश और जिले का नाम रोशन किया है। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताते हुए उन्हें बधाई दी है। पूर्व सांसद राधे मोहन सिंह ने कहा कि राजकुमार पाल और उत्तम सिंह की सफलता क्षेत्र के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। अनिकेत सिंह ने कहा कि मेघबरन सिंह हॉकी एकेडमी के दोनों खिलाड़ियों ने साबित कर दिया कि मेहनत और प्रतिभा के दम पर कुछ भी हासिल किया जा सकता है। करमपुर गांव के ओलंपियन राजकुमार पाल तीनभाइयों में सबसे छोटे हैं। पिता स्व. कल्पनाथ पाल की मृत्यु के बाद राजकुमार की मां मनराजी देवी ने अकेले तीनों बेटों को परवरिश की और उन्हें हॉकी खेल में आगे बढ़ाया। करमपुर गांव के ही किसान परिवार से आने वाले हॉकी खिलाड़ी उत्तम सिंह कृष्णकांत सिंह और साधना सिंह के तीन बेटों में सबसे छोटे हैं।  राजकुमार पाल और उत्तम सिंह के परिजनों में जश्न का माहौल है। दोनों परिवारों ने लोगों को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की।