रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ चलाया बड़ा अभियान

रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ चलाया बड़ा अभियान

 रानू  पाण्डेय
खानपुर।सैदपुर के सबसे व्यस्त स्थानों में से एक नगर स्थित रेलवे क्रॉसिंग के आसपास अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को रेलवे प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की।इस दौरान दर्जनों अवैध अतिक्रमण को भारी सुरक्षा बलों की मौजूदगी में रेलवे प्रशासन ने जेसीबी से ढहा दिया। रेलवे विभाग की कार्यवाही को क्षेत्र के लोग रेलवे क्रॉसिंग के पास ओवर ब्रिज के संभावित निर्माण से जोड़कर देख रहे हैं।रेलवे की कार्रवाई की शुरुआत रेलवे क्रॉसिंग के पास लगभग 40 वर्षों से बांस और पुआल का छप्पर लगाकर रह रही लगभग 50 परिवारों की बस्ती से हुई। 6 दिन पूर्व दी गई नोटिस से सतर्क बस्ती के ज्यादातर लोगों ने अपना सामान पहले ही हटा लिया था। कार्रवाई की शुरुआत में बस्ती के लोगों ने इसका विरोध किया।लेकिन भारी सुरक्षा बल के सामने उनकी एक ना चल सकी। कार्रवाई शुरू होते ही बस्ती में अफरा तफरी मच गई। लोग अपने सामानों को बचाने के लिए उन्हें लेकर गिरते-पड़ते रेलवे ट्रैक के इधर-उधर भागने लगे।इसके बाद सड़क के किनारे रेलवे की जमीन में अवैध तरीके से अतिक्रमण कर रखी गई लकड़ी की गोमतीयों और टीन के छप्परों को जेसीबी से ढहाया गया। कार्रवाई शुरू होते ही अतिक्रमणकारियों में अपने सामानों को बचाने की आपाधापी मच गई। अफरा तफरी के बीच लोक अपने अतिक्रमण को खुद तोड़कर हटाने लगे। इसके बाद भी कई अतिक्रमणकारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
मौके पर मौजूद निर्माण निरीक्षक कमलेश कुमार ने बताया कि बीते महीनों से दी जा रही नोटिस के क्रम में 6 दिन पूर्व एक बार फिर अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने को कहा गया था। अन्यथा की स्थिति में आज रेलवे की जमीन में अवैध तरीके से किए गए अतिक्रमण को हटाया गया है। साथ ही अतिक्रमणकारियों को दोबारा अतिक्रमण ना करने की चेतावनी भी दी गई है।