पिता से झगड़े के बाद युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
कठवामोड़। नोनहरा थाना क्षेत्र के हरदिया गांव में बुधवार की सुबह एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पिता से हुए मामूली विवाद के बाद 19 वर्षीय युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरदिया गांव निवासी सरवन राम का पुत्र साहिल (19) सुबह अपने पिता से किसी बात को लेकर उलझ गया था। विवाद के बाद वह गुस्से में घर से निकल गया और कठवामोड़ मल्लाह टोली के पास रेलवे लाइन के किनारे काफी देर तक टहलता रहा। सुबह करीब 9ः30 बजे जब बलिया से वाराणसी की ओर जाने वाली ट्रेन वहां से गुजरी, तो साहिल ने अचानक उसके सामने छलांग लगा दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक के दोनों पैर और सिर धड़ से अलग हो गए और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तुरंत कठवामोड़ पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। इसी बीच, साहिल का बड़ा भाई, जो सुबह से ही उसे ढूंढ रहा था, मल्लाह टोली के पास दुर्घटना की सूचना पाकर वहां पहुंचा। क्षत-विक्षत शव को देखते ही वह चीख पड़ा और उसकी पहचान अपने छोटे भाई के रूप में की। परिजनों के पहुंचने के बाद कठवामोड़ चौकी पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।




