सड़क दुर्घटना में स्वास्थ्य कर्मी सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल

सड़क दुर्घटना में स्वास्थ्य कर्मी सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल

बारा। गहमर कोतवाली क्षेत्र के बारा में बुधवार दोपहर 2 बजे एक सड़क दुर्घटना में स्वास्थ्य कर्मी सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। नेशनल हाईवे 124-सी पर एक बाइक ने ड्यूटी पर जा रहे स्वास्थ्य कर्मी की बाइक में टक्कर मार दी, जिसके बाद बाइक अनियंत्रित होकर ऑटो से टकरा गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
यह घटना बुधवार दोपहर करीब दो बजे हुई। बिहार की ओर से कामाख्या मंदिर पर ड्यूटी के लिए जा रहे बारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर एलटी के पद पर तैनात विजय शंकर राय अपनी बाइक पर थे। मगरखाई चौराहे पर पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे पर जा रहे ऑटो से जा टकराई। इस हादसे में बाइक चालक स्वास्थ्य कर्मी विजय शंकर राय सहित दूसरी बाइक पर पीछे बैठी दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए वाहनों के पहिये थम गए। स्थानीय लोगों द्वारा सभी घायलों को बारा स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा के लिए रेफर कर दिया, जहां से बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।