जर्जर तार और लटकते खंभे से लगी आग, तीन किसानों की एक बीघा गेहूं की फसल जलकर राख

जर्जर तार और लटकते खंभे से लगी आग, तीन किसानों की एक बीघा गेहूं की फसल जलकर राख

 रानू  पाण्डेय

खानपुर। क्षेत्र के हथौड़ा गांव में बिजली विभाग की लापरवाही के कारण बड़ा हादसा हो गया। गांव में लगे जर्जर बिजली के तार और झुके हुए खंभे से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई, जिससे नक्षत्र यादव,श्री यादव,नक्कू यादव की लगभग एक बीघा गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गई।मिली जानकारी के अनुसार खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन काफी समय से जर्जर अवस्था में है और कई जगह खंभे भी टेढ़े होकर लटक रहे हैं। गुरुवार को अचानक तारों से निकली चिंगारी पास के खेत में गिर गई, जिससे खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के खेतों तक फैल गई।आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीन किसानों की करीब एक बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी थी। घटना से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बिजली के तार और खंभे काफी समय से जर्जर हालत में हैं, जिसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसानों को मुआवजा देने और जर्जर तारों व खंभों को जल्द बदलवाने की मांग की है।