तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से ट्रेन पकड़ने जा रहे युवक सहित 2 लोग गम्भीर रूप से घायल
सैदपुर : थाना क्षेत्र के औड़िहार तिराहे के पास वाराणसी गोरखपुर हाईवे पर शुक्रवार की दोपहर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से ट्रेन पकड़ने जा रहे युवक सहित 2 लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सादीभादी मोड़ स्थित न्यू लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बता दे की भीमापार के पहाड़पुर निवासी 30 वर्षीय रामजी भगत पुत्र धन्नू भगत को काम के लिए दिल्ली जाना था, जिसके लिए आज ही औड़िहार जंक्शन से टिकट था। वो घर से सैदपुर व सैदपुर से औड़िहार तिराहे तक बस से आये। यहां औड़िहार जाने के लिए वो तिराहे पर उतर गए। करीब 3 बजे जैसे ही वो रेलवे स्टेशन जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गम्भीर चोट आई और पैर भी टूट गया। इसके अलावा अमित मौर्य पुत्र भोला मौर्य निवासी सादीभादी भी गम्भीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल वहीं स्थित न्यू लीलावती अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से स्पीड कंट्रोल के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।




