नशे में मनबढ़ युवक ने पीपा पुल के नीचे नाव में बैठे नाविक की कनपटी लगाया तमंचा, गिरफ्तार
सैदपुर : नगर के वार्ड 15 स्थित पीपा घाट से नशे में धुत दो बदमाश युवकों को बुधवार की रात निषाद समाज के युवकों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया। इस दौरान पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर एक युवक के पास से तमंचा एवं कारतूस बरामद हुआ। जिसके बाद अगले दिन गुरुवार की सुबह पुलिस ने होलीपुर गांव निवासी गोलू के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया। दूसरे युवक के खिलाफ पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई की। वार्ड 15 स्थित पीपा घाट के नीचे निषाद समाज के तीन चार युवक नाव पर बैठे थे। तभी गोलू और उसका साथी होलीपुर गांव निवासी रितेश पहुंचे और पहले से बैठे युवकों से कहासुनी करने लगे। निषाद समाज के युवकों ने बताया कि एक युवक ने तमंचा निकालकर उनकी कनपटी पर सटा दिया। निषाद समाज के युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों युवकों को पकड़कर लिया। सूचना पर पीआरवी पुलिस एवं कस्बा चौकी इंचार्ज मनोज पांडेय पहुंचे और दोनों युवकों को पकड़कर कोतवाली ले आए। कस्बा चौकी इंचार्ज ने बताया कि गोलू के पास से तमंचा एवं कारतूस बरामद होने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इधर गोलू की मां का कहना है कि रितेश तमंचा रखता है, मेरा पुत्र निर्दोष है। उसे फंसाया जा रहा है। जानकारी दी कि एक और युवक इनके साथ था, जो फरार हो गया।




