मौधा बाजार के 99 मार्ट में देर रात आग, तीन लाख का नुकसान; व्यापारियों में आक्रोश

मौधा बाजार के 99 मार्ट में देर रात आग, तीन लाख का नुकसान; व्यापारियों में आक्रोश

 रानू  पाण्डेय

खानपुर। थाना क्षेत्र के मौधा बाजार में स्थित 99 मार्ट में रविवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लगने से दुकान में रखा हजारों का सामान जलकर नष्ट हो गया। इस घटना में दुकानदार को करीब तीन लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।जानकारी के अनुसार मौधा निवासी एहसान अंसारी की बाजार में 99 मार्ट नाम से कपड़ा,कॉस्मेटिक व जनरल स्टोर की दुकान है। रविवार की देर रात अचानक दुकान से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने दुकानदार को जानकारी दी, जिसके बाद एहसान अंसारी तुरंत मौके पर पहुंचे। तब तक दुकान के अंदर रखा काफी सामान जलकर राख हो चुका था।स्थानीय लोगों और आसपास के व्यापारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर किसी तरह काबू पाया। आग लगने से दुकान में रखा कॉस्मेटिक, खिलौने और अन्य जनरल सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।घटना की जानकारी मिलने के बाद लेखपाल अमित सिंह भी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त सामान का आकलन करते हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेज दी है।फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन घटना को संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग माना जा रहा है। इस घटना के बाद मौधा बाजार के व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों ने प्रशासन से मामले की गंभीर जांच कर आग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।