स्कूल चलो अभियान, वार्षिक समारोह व मेधावी छात्र सम्मान समारोह संपन्न
रानू पाण्डेय
खानपुर। शिक्षा क्षेत्र चकिया नेवादा प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय में स्कूल चलो अभियान, वार्षिक समारोह एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह विद्यालय प्रांगण में धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर सबनवाड़ विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी सैदपुर उदय चंद राय रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर सबनवाड़ द्वारा सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करना प्रत्येक बच्चे का अधिकार है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और 14 वर्ष तक का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। साथ ही शिक्षकों से डोर-टू-डोर सर्वे कर सभी बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।मुख्य अतिथि ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों की सराहना करते हुए मेधावी छात्रों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी उदय चंद राय ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील की।कार्यक्रम में अरुण कुमार पांडेय, दिवाकर सिंह,राजेश गिरी,अभय सिंह सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में प्रधानाध्यापक अनिल पांडेय ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।




