भट्ठी पर टिकी चाय-मिठाई बेचने वालों की आजीविका
रानू पाण्डेय
खानपुर।क्षेत्र में रसोई व व्यावसायिक गैस सिलेंडर की पर्याप्त आपूर्ति न होने से छोटे व्यापारियों के व्यवसाय पर भी गहरा असर पड़ रहा है।खासकर चाय, नाश्ता और मिठाई की दुकानों पर इसका सीधा प्रभाव देखने को मिल रहा है। गैस सिलिंडर की किल्लत के चलते दुकानदारों ने अब पारंपरिक लकड़ी और कोयले के भट्ठी का सहारा लेना शुरू कर दिया है।
खानपुर क्षेत्र के दुकानदार वकील यादव,मंटू,दया पारस आदि का कहना है कि बीते कई दिनों से गैस सिलिंडर समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इससे उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।मिठाई और नाश्ते की दुकान चलाने वाले व्यापारियों ने बताया कि गैस सिलिंडर न मिलने पर उन्होंने दुकान के बाहर ही लकड़ी और कोयले का चूल्हा बनाकर काम शुरू कर दिया है। कहा कि लकड़ी और कोयले के इस्तेमाल से जहां लागत बढ़ रही है, वहीं धुएं के कारण स्वास्थ्य पर भी विपरीत असर पड़ रहा है। इसके अलावा ग्राहकों को भी असुविधा हो रही है। इस संबंध में गैस एजेंसी के संचालक मनोज सिंह ने बताया कि गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। नियम से गैस सिलिंडर का वितरण किया जा रहा है।




