अब परिषदीय विद्यालय पर पढ़ाए जाएंगे पॉक्सो एक्ट का पाठ

अब परिषदीय विद्यालय पर पढ़ाए जाएंगे पॉक्सो एक्ट का पाठ

 रानू  पाण्डेय

खानपुर। सैदपुर के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले 17 हजार बच्चों को पॉक्सो एक्ट जैसे महत्वपूर्ण कानून की जानकारी दी जाएगी।बेसिक शिक्षक परिषद की ओर से जारी कैलेंडर में पहली बार पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को इसकी जानकारी देने के लिए शामिल किया गया है। छोटे बच्चों को भी उनकी उम्र के अनुसार संवेदनशील तरीके से सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में पढ़ाया जाएगा। सैदपुर में 175 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित है। इसमें 17 हजार बच्चे पंजीकृत हैं। वैसे तो शासन स्तर से तमाम सुविधाएं विद्यालयों में दी जा रही है।बच्चों को अब उनको पॉक्सो कानून से भी अवगत कराया जाएगा। निदेशालय की ओर से इसका पत्र जारी किया गया है।

 इसमें शिक्षकों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। इसमें बच्चों को गुड टच बैड टच, निजी सीमाओं की समझ, खतरे की पहचान और किसी भी असहज स्थिति में मदद लेने के तरीकों के बारे में सरल भाषा में समझाया जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारी उदय चंद्र राय ने बताया कि इसका उद्देश्य बच्चों में डर पैदा करना नहीं बल्कि उन्हें जागरूक, सतर्क और आत्मविश्वासी बनाना है। बच्चों को यह भी बताया जाएगा कि यदि वे किसी प्रकार की अनुचित हरकत का सामना करते हैं तो वे बिना झिझक अपने अभिभावकों व शिक्षकों से बात करें।शिकायत करने के अधिकार और कानूनी संरक्षण के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। शिक्षक इस विषय को पढ़ाते समय संवेदनशीलता और सावधानी बरतेंगे ताकि बच्चों पर किसी प्रकार का मानसिक दबाव न पड़े।कहा कि बच्चों को केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित रखने के बजाय पॉक्सो की जानकारी देना बेहद जरूरी है।ऐसे में स्कूलों में पॉक्सो को लेकर बच्चों को जागरूकता का पाठ पढ़ाया जाएगा। स्कूल के शिक्षक बच्चों को जागरूक करेंगे।