सिधौना में एसआईआर की मंडलायुक्त ने की समीक्षा
रानू पाण्डेय
खानपुर। सिधौना गांव में गुरुवार को पहुंचे मंडलायुक्त वाराणसी एस. राजलिंगम ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची के कार्यों की गहन समीक्षा की। मंडलायुक्त ने सैदपुर के विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 73 सिधौना का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि बूथ पर कुल 948 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 173 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए थे, जबकि 189 मतदाताओं को नोटिस जारी की गई थी। नोटिस का संतोषजनक उत्तर देने वाले अधिकांश मतदाताओं के नाम पुनः सूची में शामिल कर लिए गए, जबकि आठ मतदाताओं के नाम अंतिम रूप से हटा दिए गए। निरीक्षण के दौरान निर्मला दीक्षित पत्नी ओमप्रकाश दीक्षित एवं रेखा गुप्ता पत्नी संजय गुप्ता से जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि वे वाराणसी में स्थानांतरित हो चुकी हैं, जिसके आधार पर उनके नाम सूची से हटाए गए।मंडलायुक्त ने बीएलओ के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिया कि पात्र मतदाताओं का नाम हर हाल में सूची में जोड़ा जाए तथा अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जाए। उन्होंने कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी और गंभीरता से पूरा करने पर विशेष जोर दिया। मंडलायुक्त ने सिद्धनाथ महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद सिद्धनाथ धाम परिसर का निरीक्षण कर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि से गांव में हो रहे कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर तहसीलदार हिमांशु सिंह, लेखपाल बालकृष्ण, बीएलओ जितेंद्र पांडे, शिवाजी मिश्र, पप्पू सिंह, श्रवण राम सहित अन्य कर्मचारी व ग्रामीण मौजूद रहे।




