सिलिंडर नहीं मिलने से शादी वाले घरों में बढ़ी चिंता, लकड़ी के सहारे बनेगा भोजन

सिलिंडर नहीं मिलने से शादी वाले घरों में बढ़ी चिंता, लकड़ी के सहारे बनेगा भोजन

 रानू  पाण्डेय
खानपुर। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बने तनावपूर्ण हालात का असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। जिले में गैस सिलिंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से सबसे अधिक परेशानी उन परिवारों को हो रही है, जिनके घरों में शादी समारोह तय हैं। ऐसे में भोजन व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है।गैस संकट के चलते शादी की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं। भोजन बनाने से लेकर मेहमानों के स्वागत तक की व्यवस्था को लेकर परिवार असमंजस में हैं। कई हलवाई भी बिना गैस के लकड़ी या कोयले पर भोजन बनाने से हाथ खड़े कर रहे हैं, जिससे स्थिति और कठिन हो गई है।जमीन संदल निवासी मुसाफिर बिंद ने बताया कि 20 अप्रैल को उनकी बेटी की शादी है। गैस सिलिंडर नहीं मिलने से बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। हलवाई लकड़ी या कोयले पर भोजन बनाने से इंकार कर रहा है, जिससे शादी की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं।वहीं रामपुर निवासी सुनील विश्वकर्मा ने बताया कि 21 अप्रैल को उनकी बेटी की शादी है। ऐसे में बारातियों के भोजन की व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि अगर गैस सिलिंडर नहीं मिला तो मजबूरी में लकड़ी के सहारे ही भोजन बनवाना पड़ेगा।गांवों में लोग अब शादी समारोहों के लिए लकड़ी और कोयले का सहारा लेने को मजबूर हो रहे हैं। इससे शादी वाले परिवारों की परेशानी और बढ़ गई है।