सबमर्सिबल मशीन बनवाने जा रहे बाइक सवार मिस्त्री की सड़क हादसे में मौत
रानू पाण्डेय
खानपुर। सैदपुर थाना क्षेत्र के फुलवारी कला गांव निवासी गुलाब चंद्र यादव (52) पुत्र स्व. अग्नू यादव की सड़क हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। वह पेशे से सबमर्सिबल मशीन के मिस्त्री थे और इसी काम से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।बताया जाता है कि वह मोटरसाइकिल से सबमर्सिबल मशीन बनवाने के लिए सिधौना जा रहे थे। इसी दौरान खानपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर गोपालपुर के पास उनकी बाइक एक एम्बुलेंस में पीछे से टकरा गई और वह अनियंत्रित होकर हाईवे पर गिर पड़े। तभी पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से उनका सिर बुरी तरह कुचल गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।परिजनों के अनुसार परिवार में उनके भाई की बेटी की शादी तय थी, ऐसे में इस हादसे के बाद खुशी का माहौल मातम में बदल गया।मृतक के दो पुत्र सोनू, मोनू और एक पुत्री संजू हैं। हादसे के बाद पत्नी रीता यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।थाना प्रभारी राजीव पाण्डेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और तहरीर प्राप्त हुई है।




