नशे में धुत बाइक सवार ने पीछे से मारी टक्कर, दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल

नशे में धुत बाइक सवार ने पीछे से मारी टक्कर, दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल

जखनिया । भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर सोमराय गांव अंतर्गत कूदनीपुर की रहने वाली अनीता बनवासी और सरोज बनवासी सोमवार को जखनिया बाजार से अपने घर वापस जा रही थीं। इसी दौरान मार्केटिंग गोदाम के पास एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि हुसनपुर गांव निवासी सुनील बनवासी नशे की हालत में मोटरसाइकिल चला रहा था। उसकी लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ, जिसमें दोनों महिलाएं सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जखनिया भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
इधर, सूचना मिलते ही अनीता बनवासी के पति जितेंद्र भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए और घायलों का हालचाल लिया। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है और दोषी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।