परिषदीय विद्यालयों में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित
बेचू बिंद
खानपुर। नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को विकासखंड के परिषदीय विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान बालिकाओं के उत्साहवर्धन और नारी सशक्तिकरण के उद्देश्य से कई गतिविधियां कराई गईं।
कार्यक्रम के तहत सभी परिषदीय विद्यालयों में 70 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति वाली बालिकाओं के अभिभावकों (माता-पिता) को सम्मानित किया गया। खानपुर कंपोजिट विद्यालय में अभिभावकों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया और बेटियों की शिक्षा के प्रति उनकी जागरूकता की सराहना की गई।
वहीं खानपुर बालिका विद्यालय परिसर में बालिकाओं और महिला अध्यापकों द्वारा नारी शक्ति मानव श्रृंखला बनाकर महिला सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने समाज में महिलाओं की भूमिका को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।इसके साथ ही विकासखंड स्तर पर महिला वंदन के दृष्टिगत नारी सशक्तिकरण से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बालिकाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।खानपुर परिषदीय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी उदय चंद्र राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने और समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा और सम्मान से ही समाज का वास्तविक विकास संभव है।




