शादी वाले घरों को राहत: आवेदन करने पर मिलेंगे कमर्शियल गैस सिलिंडर
खानपुर। सहालग का सीजन शुरू होते ही शादी वाले परिवारों के लिए प्रशासन की ओर से राहत भरी व्यवस्था की गई है। शादी समारोह में भोजन बनाने के लिए गैस सिलिंडर की कमी न हो, इसके लिए अब परिवारों को आवेदन करने पर कमर्शियल गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए संबंधित परिवार को शादी का कार्ड संलग्न कर जिलापूर्ति कार्यालय में आवेदन करना होगा।प्रशासन द्वारा तय की गई प्रक्रिया के अनुसार आवेदन मिलने के बाद संबंधित सेल्स ऑफिसर द्वारा मौके पर जांच की जाएगी। जांच के दौरान यह देखा जाएगा कि शादी समारोह में कितने लोगों के शामिल होने की संभावना है और आयोजन के लिए कितने गैस सिलिंडरों की आवश्यकता पड़ेगी। इसके आधार पर एक रिपोर्ट तैयार कर जिलापूर्ति कार्यालय को भेजी जाएगी। स्वीकृति मिलने के बाद आवेदक को निर्धारित सिक्योरिटी राशि जमा करनी होगी। सिक्योरिटी जमा होने के बाद जरूरत के मुताबिक कमर्शियल गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे शादी वाले घरों में भोजन व्यवस्था में किसी प्रकार की परेशानी न हो।फिलहाल प्रशासन की ओर से न्यूनतम या अधिकतम गैस सिलिंडरों की कोई निश्चित सीमा तय नहीं की गई है। प्राप्त आवेदनों की जांच कराने के बाद आवेदकों की आवश्यकता और कार्यक्रम के आकार को देखते हुए ही सिलिंडरों की संख्या तय की जाएगी।जिला आपूर्ति अधिकारी अनंत प्रताप सिंह ने बताया कि शादी समारोह के लिए गैस सिलिंडर लेने के इच्छुक लोगों को जिलापूर्ति कार्यालय में शादी का कार्ड लगाकर आवेदन करना होगा। इसके बाद जांच प्रक्रिया पूरी होने पर जरूरत के अनुसार सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि सहालग के मौसम में किसी को परेशानी न हो।
जिले से आए 200 आवेदन
खानपुर। जिलापूर्ति कार्यालय में शादी-विवाह में कमर्शियल सिलिंडर की आवश्यकता को लेकर 200 प्रार्थना पत्र पड़े। शादी-विवाह में कामर्शियल गैस की आवश्यकता के लिए उन्हें रजिस्ट्रेशन करने के लिए कहा गया। अनंत प्रताप सिंह ने बताया कि अभी तक 200 आवेदन आए हैं। इसकी जांच के लिए निर्देशित किया गया है।




