खानपुर में गैस सिलिंडर की देरी से उपभोक्ता परेशान
खानपुर। क्षेत्र में घरेलू गैस सिलिंडर उपभोक्ताओं की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। गैस एजेंसियों की अनियमितता के कारण उपभोक्ताओं को निर्धारित समय के बजाय काफी देर से सिलिंडर मिल रहा है। स्थिति यह है कि जहां पहले 25 से 30 दिनों के भीतर सिलिंडर की डिलीवरी हो जाती थी, वहीं अब उपभोक्ताओं को लगभग 40 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है।उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग कराने के बाद सबसे पहले मोबाइल पर मैसेज आता है कि योग्य उपभोक्ता का पंजीकरण कुछ देर में किया जाएगा। इसके अगले दिन एक और मैसेज आता है कि आपके नंबर पर पंजीकरण कर लिया गया है। इसके दो से तीन दिन बाद डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) का मैसेज भेजा जाता है।इसके बाद भी उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिलती। डीएसी आने के सात से दस दिन बाद सिलिंडर की संभावित डिलीवरी का मैसेज मिलता है, लेकिन वास्तविक डिलीवरी में और भी समय लग जाता है। ऐसे में मैसेज का इंतजार करते-करते उपभोक्ताओं के करीब 40 दिन गुजर जाते हैं।उपभोक्ताओं का कहना है कि एक सामान्य परिवार में गैस सिलिंडर औसतन 25 से 30 दिन में खत्म हो जाता है। ऐसे में समय से सिलिंडर नहीं मिलने पर उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार मजबूरी में लोगों को दूसरे से सिलिंडर मांगकर या वैकल्पिक व्यवस्था कर खाना बनाना पड़ता है।स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली की जांच कराई जाए और समय पर सिलिंडर की डिलीवरी सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी से राहत मिल सके।




