अंबेडकर जयंती कार्यक्रम में नारेबाजी के मामले में 5 नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज
खानपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के सोनियापार गांव में आयोजित अंबेडकर जयंती कार्यक्रम के दौरान विधायक के सामने नारेबाजी और अभद्रता करने के मामले में पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बताया जाता है कि 14 अप्रैल को संविधान निर्माता बाबा भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर पंचायत भवन सोनियापार में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में सैदपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अंकित भारती मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। उन्होंने अंबेडकर मंदिर में बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद अनुसूचित जाति समाज कल्याण प्राथमिक विद्यालय सोनियापार के छात्र-छात्राओं को ड्रेस वितरित किया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सैदपुर हीरालाल यादव सहित गांव के कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
आरोप है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब विधायक करीब शाम 5:30 बजे वापस जाने लगे, तभी गांव के कुछ लोगों ने उनके खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए और अभद्र टिप्पणी की। प्रधान प्रतिनिधि रमेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने संजय कुमार, सुनील कुमार गौतम, पंकजधीर, सभाजीत कुमार और सूरज कुमार के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।थानाध्यक्ष खानपुर ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




