मौधा गांव में छत के रास्ते दो घरों में चोरी, लाखों के गहने व नकदी पर हाथ साफ

मौधा गांव में छत के रास्ते दो घरों में चोरी, लाखों के गहने व नकदी पर हाथ साफ

दो घरों से करीब 80 लाख के गहने व नकदी पार

 खानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मौधा गांव में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए दो घरों से गहने और नकदी साफ कर दिया। दोनों घरों में छत के रास्ते घुसे चोर कमरे में रखे संदूक व अलमारियां तोड़कर लाखों रुपये के गहने व नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह नींद खुलने पर परिवारवालों को घटना की जानकारी हुई जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।
पहली घटना गांव निवासी उपेन्द्र नाथ तिवारी पुत्र स्व. लक्ष्मी शंकर तिवारी के घर में हुई। चोरों ने संदूक तोड़कर सोने-चांदी के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान में झुमका सेट, बाली सेट, दो सोने की चेन, दो हार, कंगन का सेट, दो सेट चूड़ी, चार सोने की अंगूठियां, आठ सेट बिछिया, चांदी के सिक्के, चांदी की थाली सहित अन्य आभूषण और करीब 10 हजार रुपये नकद शामिल हैं। दूसरी घटना सुषमा तिवारी पत्नी सुनील कुमार तिवारी के घर में हुई, जहां चोर छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए और सोने की चेन, हार, नथिया, झुमका, पायल, नथुनी, कील-टप्स सहित अन्य आभूषण तथा लगभग 5 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
पीड़ित परिवारों के अनुसार दोनों घरों से कुल मिलाकर करीब 80 लाख रुपये मूल्य के गहने चोरी हुए हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना के बाद भी पुलिस की सक्रियता नहीं दिखी और लगभग चार घंटे बाद खानपुर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। पीड़ितों ने थाना खानपुर में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ संदिग्धों की तलाश की जा रही है। गांव में दहशत का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।