एक ही परिवार के तीन सदस्यों के अचानक लापता होने से इलाके में सनसनी

एक ही परिवार के तीन सदस्यों के अचानक लापता होने से इलाके में सनसनी

रेवतीपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के नवली गांव स्थित भक्सी का डेरा में एक ही परिवार के तीन सदस्यों मां,पुत्र और पुत्री के अचानक लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद परिजनों के साथ-साथ पूरे गांव में दहशत और चिंता का माहौल व्याप्त है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नवली गांव निवासी सुरेन्द्र यादव ने आज शनिवार को दिए तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी शीला (45 वर्ष), पुत्र कृष्ण कुमार (14 वर्ष) और पुत्री खुशी यादव (16 वर्ष) बीते 15 अप्रैल 2026 की सुबह बिना किसी सूचना के घर से अचानक गायब हो गए। 
बताया कि कई दिनों तक अपने स्तर पर खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर मामला और गंभीर हो गया।
जिसके बाद शनिवार को सुरेन्द्र यादव ने रेवतीपुर थाने में लिखित तहरीर देकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। तहरीर मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई।पुलिस ने लापता तीनों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। मोबाइल सर्विलांस, कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साधनों की मदद से उनकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के इलाकों में भी सूचना प्रसारित कर संभावित ठिकानों पर छानबीन की जा रही है।प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि, “पीड़ित पति की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरी गंभीरता के साथ जांच में जुटी है और लापता मां-बेटे-बेटी की सकुशल बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।”