बाइक भिड़ंत में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम

बाइक भिड़ंत में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम

दिलदारनगर। दिलदारनगर–जमानियां मार्ग पर कंचनपुर गांव के पास शुक्रवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान फतेहपुर वार्ड नंबर 10 निवासी अजित कुमार यादव (34) के रूप में हुई है।मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और घर पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
परिजनों के अनुसार, अजित शनिवार को जमानियां से अपने बहनोई के पिता के दाह संस्कार से लौट रहे थे। इसी दौरान कंचनपुर गांव के पास उनकी बाइक की दूसरी बाइक से टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरे।घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में परिजन उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।अजित की मौत से पत्नी कंचन देवी और मां तेतरी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़े भाई मनोज यादव आरपीएफ में आरक्षी के पद पर तैनात हैं। अजित घर पर रहकर खेती-बाड़ी करते थे। वह अपने पीछे 8 वर्षीय पुत्री साक्षी और 5 वर्षीय पुत्र अर्जुन को छोड़ गए हैं।घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और मृतक के घर लोगों का तांता लगा हुआ है।