एक किलोमीटर पैदल चलकर बस तक पहुंचते हैं यात्री, पीपल के पेड़ के सहारे चल रहा बस स्टैंड
खानपुर। क्षेत्र में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम का बस स्टैंड बदहाल स्थिति में है। यहां बस स्टैंड के नाम पर केवल एक बोर्ड और पीपल का पेड़ ही सहारा बना हुआ है। यात्रियों के लिए न तो बैठने की समुचित व्यवस्था है और न ही छांव के लिए कोई शेड बनाया गया है। ऐसे में बस का इंतजार करने वाले राहगीरों को पीपल के पेड़ के नीचे खड़े होकर समय बिताना पड़ता है।स्थिति यह है कि कई गांवों से आने वाले यात्रियों को रोडवेज बस पकड़ने के लिए करीब एक किलोमीटर तक पैदल सफर करना पड़ता है। इसके बावजूद बस स्टैंड पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। यहां शुद्ध पेयजल और शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से बस स्टैंड की यही स्थिति बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों और यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड पर यात्री प्रतीक्षालय, शुद्ध पेयजल और शौचालय की व्यवस्था जल्द से जल्द कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।




