मौधा चोरी कांड: पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी कैमरे, सर्विलांस टीम जांच में जुटी
खानपुर। थाना क्षेत्र के मौधा गांव में दो घरों में हुई लाखों की चोरी की घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस टीम ने आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, वहीं सर्विलांस टीम भी मामले की जांच में जुट गई है।बताया जा रहा है कि टीम ने गांव के मुख्य रास्तों, चौराहों और दुकानों पर लगे आधा दर्जन से अधिक कैमरों की रिकॉर्डिंग को चेक किया। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज के आधार पर चोरों के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं।गौरतलब है कि शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने मौधा गांव में छत के रास्ते दो घरों में घुसकर लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली थी। घटना के बाद पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।पुलिस का कहना है कि सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। खानपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि सर्विलांस टीम की मदद ली जा रही हैं आरोपी बहुत जल्द गिरफ्तार होंगे।




