कोर्ट के आदेश की अवहेलना करने के आरोप में सात फरार आरोपियों के खिलाफ नया मुकदमा दर्ज
रेवतीपुर।उधरनपुर गांव में मछली पकड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की है। कोर्ट के आदेश की अवहेलना करने और न्यायिक प्रक्रिया को गुमराह करने के आरोप में सात फरार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 209 के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचक उपनिरीक्षक संजय यादव की तहरीर पर यह मामला आज सोमवार दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच तेज कर दी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। हालांकि, सभी सातों आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।जिन सात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनमें विजय मल राजभर, सुशेन्द्र, विकास, जयकरन, दीना पटेल, रोशन पटेल और प्रवीण पटेल शामिल हैं।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना अक्टूबर 2025 में हुई थी। मछली पकड़ने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था, जिसमें 62 वर्षीय शशिराय उर्फ बब्बन राय पर हमला किया गया था। उनके पुत्र आलोक राय की तहरीर पर 11 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास और बलवा सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।इस मामले में चार आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि सात आरोपी लगातार फरार चल रहे हैं। पुलिस ने बताया कि 21 मार्च 2026 को न्यायालय के आदेश पर फरार आरोपियों के खिलाफ कुर्की की नोटिस उनके घरों पर चस्पा की गई थी। इसके बावजूद आरोपियों के अदालत में पेश न होने पर अब उनके खिलाफ अतिरिक्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
विवेचक उपनिरीक्षक संजय यादव ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेश की अवहेलना एक गंभीर अपराध है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपी शीघ्र आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो पुलिस कुर्की जैसी कठोर विधिक कार्रवाई को और तेज करेगी।




