स्कूटी बाइक की टक्कर में 36 वर्षीय युवक की मौत, कोहराम 

स्कूटी बाइक की टक्कर में 36 वर्षीय युवक की मौत, कोहराम 

मुहम्मदाबाद । स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के तहसील रोड स्थित वकीलबाड़ी के पास सोमवार की सुबह 10:30 बजे के करीब एक सड़क हादसे में 36 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा यूसुफपुर के जमालपुर वार्ड नंबर आठ निवासी आरिफ अंसारी पुत्र आसिफ अंसारी (36) विद्युत का सामान लेने अपने घर से स्कूटी से आदिलाबाद चौराहे की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह वकीलबाड़ी स्थित डॉ. एसजी राय के मकान के सामने से गुजर रहे थे तभी सामने से आ रही बाइक से टकरा गए। इस टक्कर में आरिफ को सर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मृतक आरिफ अंसारी दो भाई और चार बहन थे। आरिफ अंसारी की पांच माह पहले मऊ जनपद के कोपा में फिरदौस जन्नत के साथ निकाह हुआ था। वही आरिफ ने हादसे के 3 दिन पहले ही नगर के यूसुफपुर मार्केट में एक कॉस्मेटिक की दुकान भी खोली थी। इस संबंध में कोतवाल वीरेंद्र प्रताप त्रिपाठी ने बताया कि मृतक आरिफ अंसारी के पिता मोहम्मद आसिफ अंसारी के तहरीर पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा संख्या 117/26 धारा 106(1), 281 बीएनएस दर्ज किया गया है। शव को कब्जे में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है।