रिंग सेरेमनी में शराब की गंध से विवाद, युवती ने शादी से किया इनकार

रिंग सेरेमनी में शराब की गंध से विवाद, युवती ने शादी से किया इनकार

दिलदारनगर । थाना क्षेत्र के वायरलेस चौराहे के पास स्थित एक निजी मैरेज हॉल में सोमवार को रिंग सेरेमनी और तिलक कार्यक्रम के दौरान अचानक विवाद खड़ा हो गया। समारोह में रिश्तेदार और समाज के लोग शुभकामनाएं देने और खान-पान में व्यस्त थे, तभी एक घटना ने पूरे माहौल को बदल दिया।
बताया जाता है कि रिंग सेरेमनी के दौरान युवती को युवक के मुंह से शराब की गंध महसूस हुई। इस पर उसने इसकी शिकायत युवक के पिता से की, लेकिन आरोप है कि वह भी नशे में पाए गए। इससे नाराज होकर युवती ने शादी से इनकार कर दिया।
हालांकि, दोनों पक्षों के समझाने-बुझाने पर युवती कुछ समय के लिए मान गई और कार्यक्रम शुरू हुआ। लेकिन इसके बाद युवक नशे की हालत में डांसरों के साथ डांस करने लगा। यह देखकर युवती का धैर्य जवाब दे गया और उसने शादी से साफ इनकार कर दिया।
घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।, इस मामले की चर्चा पूरे क्षेत्र में तेजी से फैल गई है और यह सामाजिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।