फार्मर रजिस्ट्री अभियान का डीएम ने किया निरीक्षण
खानपुर। रविवार को फार्मर रजिस्ट्री (किसान आईडी) विशेष अभियान का जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने तहसील सैदपुर के रमरेपुर, हथौड़ा, सिधौना और सीएससी भीतरी रोड मुस्तफाचक में पहुंचकर चल रहे कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान छूटने न पाए। उन्होंने विशेष रूप से छूटे हुए किसानों की ई-केवाईसी और भू-अभिलेख सत्यापन (खतौनी-आधार लिंकिंग) समय से पूरा कराने पर जोर दिया, जिससे किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य कृषि योजनाओं का लाभ मिल सके और सटीक डेटाबेस तैयार हो। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को ग्राम सचिवालयों और पंचायत भवनों का नियमित निरीक्षण कर लंबित एवं त्रुटिपूर्ण मामलों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि किसान आधार कार्ड, बैंक पासबुक और खतौनी के साथ जन सेवा केंद्र या कृषि समन्वयक के माध्यम से किसान आईडी बनवा सकते हैं। यदि आधार और खतौनी में नाम में अंतर है, तो उसे पहले सुधारना अनिवार्य है, अन्यथा रजिस्ट्री अमान्य मानी जाएगी।उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन निकट है और खाद क्रय के लिए किसान पहचान पत्र अनिवार्य किया जा रहा है। ऐसे में सभी किसानों के लिए समय रहते पंजीकरण कराना बेहद जरूरी है। प्रशासन द्वारा गांव-गांव कैंप लगाकर और घर-घर संपर्क कर अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें किसानों से सहयोग की अपील की गई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि फार्मर रजिस्ट्री के अभाव में किसान खाद, बीज, कृषि रक्षा रसायन, कृषि यंत्र तथा अन्य लाभार्थी योजनाओं से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने मोबाइल, आधार कार्ड और खतौनी के साथ नजदीकी जन सुविधा केंद्र या कैंप में पहुंचकर जल्द से जल्द रजिस्ट्री कराएं। इस दौरान एसडीएम सैदपुर ज्योति चौरसिया, तहसीलदार सैदपुर हिमांशु सिंह, बीडीओ धर्मेंद्र यादव सहित अन्य मौजूद रहे।




